फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: तेंदुए ने गोशाला में दो गोवंश को बनाया शिकार

विज्ञापन
विज्ञापन
टीकली गांव में दहशत, बीते बीस दिनों में 10 गोवंश को बना चुका है शिकार
विज्ञापन

वाइल्ड लाइफ अधिकारियों ने किया गांव का दौरा, अकेले बाहर न निकलने की हिदायत
तेंदुए को पकड़ने के लिए गोशाला के आसपास पिंजरा लगाएगी वाइल्ड लाइफ की टीम

संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। अरावली की तलहटी में बसे टीकली गांव के लोग बीते 20 दिनों से दहशत के साये में जी रहे हैं। यहां कई बार तेंदुआ नजर आया है। सोमवार देर रात तेंदुए ने गांव में बनी गोशाला में दो गोवंश को शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि विगत बीस दिनों में अब तक तेंदुआ गांव में दस गोवंश को अपना शिकार बना चुका है।लोगों का कहना है कि बीस दिन पहले ही वाइल्ड लाइफ अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई थी। इसके बावजूद अधिकारियों ने यहां कोई ध्यान नहीं दिया।
टीकली गांव का मंदिर और गोशाला अरावली की पहाड़ी की तलहटी में बने हुए हैं। यहां पर सैकड़ों गोवंश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोशाला में पिछले 20 दिनों से हर पांच से सात दिन के बीच में तेंदुआ आ रहा है और गोवंश को अपना शिकार बना रहा है। ग्रामीणों की माने तो तेंदुआ अब तक 10 से ज्यादा गोवंश को अपना शिकार बना चुका है। बीती रात भी तेंदुए ने दो गोवंश को अपना शिकार बना लिया।
विज्ञापन

गोशाला में अलग-अलग एंगल से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में बीती रात दो तेंदुए दिखाई दिए हैं। एक कैमरे में तेंदुआ अंदर से बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। जबकि दूसरे कैमरे में एक तेंदुआ बाहर से गोशाला के अंदर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि बीती रात दो तेंदुए गोशाला में आए और बछड़े को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से ही गांव में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों ने शाम होते ही घरों से निकलना बंद कर दिया है। दिन के समय भी बच्चों और अपने पालतू जानवरों पर ग्रामीण हमेशा नजर गड़ाए रहते हैं।

गांव के सरपंच पति प्रदीप ने 10 दिन पहले वन विभाग को गांव में तेंदुआ देखे जाने की शिकायत दी थी। लेकिन अधिकारियों ने इस शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वाइल्ड लाइफ अधिकारियों की बेपरवाही के कारण गोवंश को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।
सोमवार को हुई इस घटना के बाद मंगलवार सुबह वाइल्ड लाइफ अधिकारी गांव में पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। गोशाला में लगे सीसीटीवी चेक किए गए तो उसमें तेंदुआ साफ नजर आया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वह अकेले घर से बाहर न निकले। आवश्यकता होने पर झुंड बनाकर ही घर से बाहर निकलें। इसके साथ ही वाइल्ड लाइफ अधिकारियों ने अब गोशाला के आसपास तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लगा दिए जाने की बात कही है।
20 दिन से गोवंश का शिकार कर रहा तेंदुआ
गोशाला के प्रधान नरेश यादव ने बताया कि यहां पर पिछले 20 दिन से तेंदुआ आकर गोवंश का शिकार कर रहा है। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग से कई दिन पहले शिकायत की थी। मंगलवार को वन विभाग के कर्मचारी तथा अधिकारी यहां पर आए थे और यहां का निरीक्षण करके गए हैं। जिला पार्षद श्री भगवान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो तेंदुए गोशाला में आ रहे हैं। तेंदुए ने सबसे पहले एक बछड़े को खाया, उसके दो-चार दिन बाद फिर गाय को शिकार बनाया। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वाइल्ड लाइफ अधिकारियों ने जाल लगा दिया है। फिलहाल दहशत के कारण ग्रामीणों ने गोशाला और मंदिर की ओर जाना छाेड़ दिया है।
विज्ञापन


अधिकारी बोले
वाइल्ड लाइफ अधिकारी राजेश चहल ने बताया कि टीकली गांव से 10 दिन पहले शिकायत मिली थी। अरावली के साथ में होने के कारण तेंदुए यहां आ जाते हैं। उन्होंने बताया की लोगों को भी एहतियात बरतने के लिए कहा है कि अकेले अरावली जंगल की ओर न जाएं। अति आवश्यक हो तो तीन से चार लोग इकट्ठा होकर ही जोर-जोर से आवाज करते हुए जाएं। राजेश चहल ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वहां पर जाल लगा दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें