संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। जर्मनी के बर्लिन शहर में खेले जा रहे स्पेशल ओलंपिक समर वर्ल्ड गेम्स में गुरुग्राम के लवलेश शर्मा ने लॉन टेनिस डबल्स में भारत के लिए पहला पदक प्राप्त किया। लॉन टेनिस के डबल्स में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए दिव्यांग लवलेश शर्मा ने कांस्य पदक जीता। डबल्स मैच में उनका साथ दिल्ली के दिव्यांग खिलाड़ी स्वराज ने दिया। स्पेशल ओलंपिक समर गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अब तक सात स्वर्ण, पांच रजत व चार कांस्य पदक जीते हैं।
लवलेश शर्मा वर्ष-2018 से खेलों से जुड़े। उन्होंने सबसे पहले एथलेटिक्स की गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद पावर लिफ्टिंग खेल में हिस्सा लिया। वर्ष-2019 में जब टेनिस के कैंप में शामिल हुए और तभी से टेनिस खेल रहे हैं। लवलेश गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। लवलेश शर्मा की मदद खेलों को लेकर सबसे पहले सरकारी स्कूल की शिक्षिका अंजू ने की थी। लवलेश की बड़ी बहन उसको मैदान में लेकर आती थी। बहन की शादी होने के बाद पिता व माता मैदान में लेकर आने लगे। स्पेशल ओलंपिक हरियाणा के प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि लवलेश शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अच्छी रैंक हासिल की है। इसकी बदौलत वो स्पेशल खेलों के वर्ल्ड गेम्स में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि रविवार को गेम्स का समापन होगा। ऐसे में गुरुग्राम व हरियाणा के खिलाड़ियों से पदक जीतने की उम्मीद है।