मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में की करण कटारिया के परिजनों से मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार की शाम लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के छात्र करण कटारिया के घर पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और करण कटारिया की उचित मदद करने का भरोसा दिया।
बता दें कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनामिक्स में अंतरराष्ट्रीय कानून में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे गुरुग्राम के करण कटारिया पर नस्ल भेदी व हिंदूवादी होने का आरोप लगाकर छात्रसंघ का चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में करण कटारिया का पक्ष लेते हुए संबंधित संस्थान को पत्र भी लिखा है। उन्होंने परिजनों से मुलाकात के बाद बताया कि करण कटारिया एक मेधावी छात्र है और उसके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। करण कटारिया की सुरक्षा की भी व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर गुरुग्राम के उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन, जेजेपी नेता डाॅ. के सी बांगड़, शमशेर कटारिया सहित अन्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।