जहांगीरपुर (संवाद)। खुर्जा-जेवर रोड पर बारिश के बाद गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे स्थानीय निवासी, राहगीर और कांवड़ यात्री परेशान हैं। सावन में हजारों शिवभक्त इसी मार्ग से कांवड़ लेकर गुजरते हैं। बदहाल सड़क उनकी यात्रा को जोखिम भरा बना रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने स्थायी मरम्मत नहीं की। विभाग ने केवल औपचारिकता निभाते हुए गड्ढों में गिट्टी और रोड़ी भर दी। भारी वाहनों के गुजरने से गिट्टी बाहर निकल जाती है। बरसात में सड़क पर कीचड़ फैलने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। यह मार्ग पलवल, अलीगढ़, बुलंदशहर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ता है। समाज सेवी विनय शर्मा ने इस मामले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।