मिलेनियम सिटी में कन्हई अर्बन स्क्वॉयर सोलर लाइटों से जगमग होगा। लाइटें लगने से रात में छोटे कार्यक्रम भी हो सकेंगे। यहां पर 72 सोलर लाइटों लगाने की योजना है। कन्हई गांव के पास जीएमडीए ने खाली जगह को वॉकिंग के लिए विकसित कराया है। पहले इस जमीन पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया था। जीएमडीए की टीम ने सरकारी जमीन से अवैध कब्जे को हटाकर इसे अर्बन स्क्वॉयर के नाम से विकसित किया है। यहां पर लोगों को टहलने के लिए ट्रैक और बच्चों को खेलने समेत अन्य इंतजाम कराए हैं। वहीं, इसमें एक ओपन स्पेस भी बनाया गया है, जहां पर 40 लोग बैठकर किसी कार्यक्रम का लुत्फ उठा सकते हैं। जीएमडीए के मोबिलिटी डिवीजन के महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि अर्बन स्क्वॉयर में सोलर लाइटें लगाने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि सीईओ की मंजूरी के बाद इसे आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि सौर ऊर्जा आधारित लाइटें लगने से बिजली की बचत होगी और बिजली गुल होने पर भी पार्क में अंधेरा नहीं होगा। इससे सेक्टर-44, कन्हई, आरडी सिटी समेत आसपास के लोगों को एक बेहतर प्लेस मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि जीएमडीए लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रहा है। ऐसे में कम स्पेस वाली जगहों को विकसित किया जा रहा है। जहां पर लोग सुबह-शाम टहल और खेलों का आनंद उठा सकें।