गुरुग्राम। युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सोमवार को सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। सुबह नौ बजे शुरू होने वाले इस रोजगार मेले में 600 युवाओं को ऑफर लेटर देने का लक्ष्य रखा गया है। हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सहायक रोजगार अधिकारी ज्योति ने बताया कि रोजगार मेले में राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक संस्थानों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। मेले में विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों और कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी कौशल और संबंधित ट्रेड के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार के साथ अप्रेंटिसशिप के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपना बायोडाटा या रिज्यूमे, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आएं। उन्होंने युवाओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में भाग लेने और रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। संवाद