गुरुग्राम। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई में 22 जुलाई को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में देश की कई प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं विनिर्माण कंपनियां भाग लेंगी और योग्य युवाओं का विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर चयन किया जाएगा। आईटीआई के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में सैमसंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मुंजाल शोवा लिमिटेड, जय भारत मारुति लिमिटेड, वोल्टास प्राइवेट लिमिटेड, सनोह इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एनवायरो सहित कई प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि मेले में फिटर, टर्नर, वेल्डर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, मैकेनिक मोटर वाहन समेत विभिन्न ट्रेडों के लिए भर्ती की जाएगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी 22 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम पहुंचे। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रति और छायाप्रति लेकर आना होगा। संवाद