मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। बिलासपुर चौक से पटौदी के लिए हरियाणा रोडवेज की मिनी बस में सवार हुए बुजुर्ग दंपती के बैग से दस लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। बस में सवारी के रूप में बैठे दो युवकों पर मदद के नाम पर वारदात को अंजाम देने का संदेह है। बिलासपुर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार लालसिंह यादव ने बिलासपुर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह 27 जून को वह उनकी पत्नी प्रेमलता और देवती के साथ बिलासपुर चौक से हरियाणा रोडवेज की मिनी बस में सवार हुए। उनके पास तीन बैग थे। दो लड़के भी बिलासपुर चौक से चढे़। चढ़ते समय दोनों लड़कों ने कहा कि बाबा बैग को मैं चढ़ा देता हूं। गहने वाला बैग व कपड़े का बैग चढ़ाने के लिए उनको दे दिया। बस में चढ़ने के बाद मेरी पत्नी ने उन लड़कों से कहा कि बैग दो। जिस पर उन लड़कों ने कहा कि बैग को सीट के नीचे रख दिया है और सीट के ऊपर वे दोनों लड़के बैठ गए। जबकि वह उनसे अगली सीट पर थे।
दोनों लड़के भोड़ाकला व ऊंचा माजरा के बीच में उतर गए और हम पटौदी में उतरकर घर चले गए। घर जाकर देखा तो जिसमें सोने-चांदी के गहने थे वह छोटा बैग कटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार बैग में रखे सोने जेवर चोरी हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।