गुरुग्राम। धार्मिक संस्था अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा 4 सितंबर को बादशाहपुर स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य और अलौकिक उत्सव मनाने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष रामभद्र दास, उपाध्यक्ष आराध्य गौर दास और आचार्य सुदर्शन महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी का आयोजन लगभग 21 घंटे तक निर्बाध रूप से चलेगा। उत्सव की शुरुआत प्रात: 4 बजकर 30 मिनट पर मंगल आरती के साथ होगी, जिसके बाद दिनभर विविध सांस्कृतिक व धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मध्यरात्रि एक बजे महा अभिषेक और महा आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। नगर निगम और स्थानीय पुलिस के समन्वय से यातायात प्रबंधन और सहायता के लिए स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। संवाद