बीएसएनएल की ओर से गांव-गांव में बिछाई जा रही है भूमिगत लाइन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सभी ग्राम पंचायतों में बीएसएनएल के जरिये इंटरनेट केबल कनेक्शन लगाने शुरू कर दिए गए हैं। ग्राम स्तर पर रोजगार और अन्य सरकारी योजनाओं में यह कनेक्शन काफी मददगार साबित हो सकते हैं। अतिरिक्त जिला उपायुक्त (एडीसी) हितेश कुमार ने सोमवार को इस बारे में जानकारी साझा की।
गांवों में इंटरनेट केबल कनेक्शन दिए जाने के लिए अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। ऑनलाइन मीटिंग को संबोधित करते हुए एडीसी हितेश कुमार मीणा ने कई निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि वन विभाग, जीएमडीए, गुरुग्राम व मानेसर नगर निगम, विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी बीएसएनएल को सहयोग करेंगे। इसके अलावा सभी गांवों के सरपंच भी ये कनेक्शन जुड़वाने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाने में बीएसएनएल कर्मचारियों को सहयोग दें।
ऑनलाइन मीटिंग में बीएसएनएल के जीएम विवेक जायसवाल ने बताया कि जिले के 220 गांवों को 996 कनेक्शन दिए जाने हैं। जिले की 27 ग्राम पंचायतों में यह कार्य सुचारू रूप से किया जा रहा है। बीएसएनएल की ओर से इन केबल कनेक्शनों को लेकर जमीनी स्तर पर एक सर्वे भी किया जा रहा है। अगले दस दिन में यह काम पूरा होने की संभावना है।
जीएमडीए के सलाहकार पीके अग्रवाल ने बताया कि प्राधिकरण के नियमानुसार भूमिगत केबल कनेक्शन के लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं। जीएमडीए ने खुद भी अपनी 400 किमी लंबी फाइबर लाइन बिछा रखी है। इस ऑनलाइन मीटिंग में जिला परिषद के सीईओ जगनिवास, बीएसएनएल अधिकारी सुभाष, सोहना नगरपरिषद की ईओ सुमन लता, बीडीपीओ गुरुग्राम कार्यालय के सहायक मुकेश कुमार आदि ने भाग लिया।