गुरुग्राम। सेक्टर-102 के अंडरपास से जॉय विले सोसाइटी के बीच दो जगह सड़क अधूरी है। अधूरी सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों में हर बारिश के बाद काफी पानी जमा हो जाता है। इस कारण ये गड्ढे बहुत खतरनाक हो गए हैं। सेक्टर-102 स्थित एम्मार इंपीरियल गार्डन सोसाइटी की आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राजबाला सांगवान ने जीएमडीए को पत्र लिखकर सड़क के अधूरे हिस्से को बनवाने और समस्या का हल करने की गुजारिश की है। उन्होंने लिखा है कि इस रास्ते से जॉय विले के अलावा अदानी ओएस्टर, इंपीरियल गार्डन के निवासी भी गुजरते हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे से अपर द्वारका एक्सप्रेस वे तक पहुंचने के लिए भी यह एक रास्ता है। इस सड़क के छोटे-छोटे दो पैच को प्रशासन बारिश से पहले जोड़ दे तो हजारों निवासियों को राहत मिलेगी। जॉय विले की निवासी डॉ. मोनिका भटनागर ने बताया कि ये गड्ढे दोपहिया वाहनों के लिए बहुत ही खतरनाक हैं। पानी के कारण गड्ढे की गहराई का पता नहीं चलता है। जब भी बारिश होती है, यहां बाइक सवार दुर्घटना ग्रस्त होते हैं। निवासियों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। संवाद