गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा ने रविवार को सुशांत लोक-1 स्थित कम्युनिटी सेंटर में आयोजित श्री हनुमत सेवा धाम (नवनिर्मित मंदिर) की प्राण-प्रतिष्ठा एवं उद्घाटन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस दौरान सात करोड़ रुपये के विकास कार्याें का शिलान्यास किया। विधायक ने मंदिर निर्माण से जुड़े श्रद्धालुओं और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि श्री हनुमत सेवा धाम भविष्य में क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों को नई दिशा देगा। इस अवसर पर उन्होंने सुशांत लोक-1 के सी ब्लॉक में ग्रीन बेल्ट के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ भी किया। साथ ही सुशांत लोक-1 के ब्लॉक सी, सी-1, सी-2, डी और ई में सड़कों के पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रहीं समस्याओं से राहत मिलेगी। कार्यक्रम में पार्षद आरती यादव, भाजपा नेता अनिल यादव, कमल यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, बोधराज सीकरी, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ब्यूरो