पुलिस ने आरोपी के साथी को भी गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम ठेकेदार से जबरन उगाही करने वाले आरोपी को पुलिस ने सवा लाख रुपये लेते रंगे हाथों काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सिविल लाइंस थाना पुलिस में एक युवक ने शिकायत दी थी कि वह गुरुग्राम म्युनिसिपल कॉरपोरेशन में बतौर ठेकेदार काम करता है। वह नगर निगम में सफाई व कूड़ा आदि के संचालन व मेंटेनेंस का कार्य देखता है। नरेश प्रधान, राम सिंह व राजेश नाम के व्यक्ति प्रत्येक महीना 25 हजार रुपए दबाव डालकर मांगते हैं और नहीं देने की सूरत में बाधा व नुकसान पहुंचाते हैं। इन लोगों द्वारा उससे तीन लाख रुपयों की अवैध वसूली की जा चुकी है। अब आरोपी उसे जनवरी से अब तक के पैसे नहीं देने की सूरत में गंभीर परिणाम भुगतने व गाड़ी नहीं चलने देने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले में सेक्टर-17 अपराध शाखा के इंस्पेक्टर अनिल कुमार की अगुवाई में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। वहीं शिकायतकर्ता को 1 लाख 25 हजार रुपये की नकदी आरोपियों को देने के लिए कहा गया। रुपये देने के लिए नरेश
के साथ 32 माइलस्टोन के निकट स्थान सुनिश्चित किया गया। योजनानुसार गठित की गई पुलिस टीम को भी तैनात किया गया। जैसे ही नरेश ने रुपये पकड़े तो पुलिस ने उसे धर दबोचा। काबू किए गए आरोपी से पूछताछ के बाद अन्य नामज़द आरोपी राम सिंह को भी पुलिस टीम ने काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी से 1 लाख 25 हजार रुपये व गाड़ी बरामद की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।