पटौदी। भोडाकलां गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर समिति और समस्त ग्रामवासियों ने बाबा साहेब को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर जयंती मनाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने शिरकत की। ग्रामीणों ने विधायक को गांव की मूलभूत सुविधाओं और जर्जर इमारतों की सुध लेने के लिए एक औपचारिक मांग पत्र सौंपा। इसमें ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पट्टी कावा स्थित जर्जर हो चुकी धर्मशाला और कबीर पंथी चौपाल के पुनर्निर्माण के लिए सरकारी अनुदान की मांग की और बाबा साहेब की स्मृति में गांव में एक भव्य पार्क बनाने हेतु जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इसके अलावा गांव की विभिन्न चौपालों और सामुदायिक केंद्रों की मरम्मत के लिए विशेष वित्तीय सहायता की अपील की गई। इस मौके पर पूर्व विधायक गंगाराम, जिला पार्षद अंजु शर्मा, ग्राम सरपंच मनबीर चौहान, पूर्व सरपंच यजविंद्र शर्मा, भोड़ाकलां बावनी अध्यक्ष राजेश चौहान, भोड़ाकलां मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र चौहान, पूर्व वाईस अध्यक्ष महेश सैनी, अशोक चौहान, नरेश फौजी सहित काफी संख्या में समिति के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद