फिरोजपुर झिरका। खंड के गांव रावली में खुलेआम कच्ची शराब का अवैध कारोबार जारी है, जिससे गांव में नशाखोरी तेजी से बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार शराब के धंधे में लिप्त लोगों से इसे बंद करने की बात की, लेकिन वे झगड़े पर उतारू हो जाते हैं और कोई सुधार नहीं दिखा रहे। गांव के जिम्मेदार लोगों व समाजसेवियों सद्दाम, वसीम, डॉ. सरफुद्दीन, इसराइल, गोविंदा, सब्बीर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि राजस्थान से देसी थैली वाली कच्ची शराब लाकर यहां बेची जा रही है। इसके चलते युवाओं में नशे की लत बढ़ रही है, जो भविष्य के लिए चिंताजनक है। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि ऐसे नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई कर गांव को नशा मुक्त बनाया जाए। संवाद