गुरुग्राम। नगर निगम के वार्ड-2 में हाईवे किनारे ग्रीन बेल्ट में बड़ी कंपनियों की ओर से किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। कार्रवाई के बाद ग्रीन बेल्ट को दोबारा विकसित करने की तैयारी है। यहां जल्द ही नए पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, जिससे ग्रीन बेल्ट को फिर से हरा भरा किया जा सके। स्थानीय पार्षद ज्योत्सना ने बताया कि उद्योग विहार एरिया में कई अवैध कब्जे थे। उन्होंने बताया कि प्रशासन की मदद से सोमवार की शाम को करीब 50 रेहड़ी-पटरी और अवैध पार्किंग को खाली कराया गया। उन्होंने बताया कि ग्रीन बेल्ट में कब्जे के कारण हरित क्षेत्र प्रभावित हो रहा था। कब्जा हटाए जाने के बाद अब संबंधित क्षेत्र को साफ कर पौधरोपण की योजना बनाई जा रही है। वहीं, पार्षद पति विपिन यादव ने बताया कि कई लोगों ने अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर कब्जा किया हुआ था। उन्होंने बताया कि इसे खाली कराने के लिए कई दिनों से पहल की जा रही थी। ब्यूरो