कार्रवाई के दौरान काफी लोग हुए एकत्रित, पुलिस बल रहा तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-5 में अवैध रूप से बनाई जा रही नई कॉलोनी में जिला नगर योजनाकार विभाग की प्रवर्तन इकाई ने तोड़फोड़ की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान गुरुग्राम के राजस्व क्षेत्र में 22 डीपीसी, एक डीलर कार्यालय, दो कॉलोनी गेट 400 रिमोट बाउंड्रीवॉल और एक निर्माणाधीन इमारत को ढहाया गया।
विभाग की ओर से की गई कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान तोड़फोड़ के विरोध को रोकने के लिए मौके पर ही पुलिस बल मौजूद रहा। ऐसे में विभाग ने अनधिकृत कॉलोनियों में निर्माण न करने के लिए जागरूक किया। साथ ही बताया कि इस तरह के निर्माण गैर कानूनी हैं। ऐसे निर्माण पर विभाग तोड़-फोड़ की कार्रवाई को अंजाम देगा। मौके पर पुलिस बल की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान डीटीपी(एन्फोर्समेंट) मनीष यादव, कनिष्ठ अभियंता राजन और प्रशांत मौजूद रहे। इस दौरान दिनेश सिंह ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर मौजूद रहे।
बहरामपुर में भी अवैध निर्माण पर चलाया पीला पंजा
जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से मंगलवार को सेक्टर 65 और बहरामपुर में भी अवैध निर्माण पर पीला पंजा चलाया गया। पुलिस बल की मदद से बहरामपुर और सेक्टर-65 में कॉलोनी में तोड़फोड़ की गई। पहली कार्रवाई बेहरामपुर के तीन एकड़ क्षेत्र में फैली अवैध कॉलोनी में की गई। इसमें चार डीपीसी के अलावा निर्माणाधीन ढांचे और चहारदीवारी को ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही अवैध कॉलोनी के सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। बीते एक सप्ताह से गुरुग्राम की अवैध कॉलोनियों में लगातार तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने लोगों को ऐसी अवैध कॉलोनियों में घर बनाने के लिए आगाह किया। मौके पर जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। डीटीपी इंफोर्समेंट बिनेश कुमार, एफटी शुभम् शर्मा भी इस दौरान मौजूद रहे।