अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-56 एरिया में बेटी की पीटीएम में गई महिला से उसके पति द्वारा सरेराह कार से खींचकर मारपीट करने, गाली-गलौच करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला के भाई के आने पर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में साउथ सिटी में रहने वाली डा. स्वाति सिंह ने कहा कि उसका उसके पति से विवाह को लेकर कोर्ट में विवाद चल रहा है। डा. स्वाति सिंह शनिवार को अपनी बेटी काव्या के सेक्टर-57 स्थित स्कूल में पीटीएम के लिए गई थी। आरोप है कि इस बीच उसका पति नवदीप सिंह भी वहां पहुंच गया और जबरन पत्नी-बेटी की वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगा। जिसके चलते काव्या असहज होकर रोने लगी तो डा. स्वाति अपनी बेटी को लेकर स्कूल कैंपस से निकल गई और अपने भाई विकास खरब को बुलाया। इसके बाद आरोपी ने महिला व उसकी बेटी का पीछा करना शुरू किया तो वे कार में बैठ गए।
आरोप है कि नवदीप ने डा. स्वाति व काव्या को जबरदस्ती कार से बाहर खींच लिया और महिला से मारपीट करते हुए गाली-गलौच की। इस बीच विकास खरब वहां पहुंचा तो आरोपी उन्हें जान से मारने और काव्या को जबरन ले जाने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।