हत्या का किया प्रयास, पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में प्ले स्कूल संचालिका के साथ मारपीट करने व उसका गला दबाकर हत्या करने के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी ने गाड़ी को दीवार से टकराने के बाद खेत में गिरा दिया। गाड़ी का एक्सीडेंट होने के बाद जब लोग मौके पर एकत्र हुए तो उन्होंने आरोपी के चंगुल से उसकी पीड़ित पत्नी को छुड़ाया और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायत में 39 वर्षीय बबीता राय ने बताया कि वह इंडिया बुल्स सेंट्रम पार्क सोसाइटी में रहती हैं और प्ले स्कूल चलाती हैं। 12 मार्च को उनके दाखिले के लिए अभिभावक का फोन आया था। जिस पर वह स्कूल आ गई। कुछ देर में उनके पति अभिषेक ने फोन कर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। इस पर उनको भेजकर वापस सोसाइटी जाने के लिए अपनी गाड़ी से निकली और सोसाइटी के गेट पर पहुंची तो उनका पति बाहर ही मिल गया जिसने उन्हें रोक लिया और गाड़ी को खुद चलाने की बात कही। आरोप है कि अभिषेक गाड़ी को सोसाइटी में ले जाने की बजाय रोड की तरफ लेकर चल दिया और रास्ते में उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोपी ने गाड़ी को तेज गति से भगाते हुए नाले की दीवार से टक्कर मारते हुए खेत में कुदा दिया। इसके बाद आरोपी ने उसका सिर गाड़ी के डेशबोर्ड पर मार दिया। वारदात के दौरान कुछ लोग मौके पर आ गए जिन्होंने बबीता को बचाया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।