संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना । सोहना के गांव भोगपुर मंडी में एक शादीशुदा महिला के द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति के दूसरा विवाह करने से आहत थी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। होडल निवासी मृतका के चाचा जयराम की शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चाचा जयराम ने बताया कि भतीजी पूनम की शादी 2013 में सोहना निवासी कुलदीप से हुई थी। कुलदीप ने अन्य किसी लड़की से कोर्ट मैरिज कर ली और आत्महत्या के लिए पूनम को उकसाने लगा। इससे परेशान होकर पूनम ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। जांच अधिकारी सत्येंद्र कुमार का कहना है कि 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जल्द ही सबको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।