अवैध कब्जे हटने के बाद सड़क का निर्माण कराएगा जीएमडीए
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवपी) ने बृहस्पतिवार को सेक्टर-93 व 89 की डिवाइडिंग रोड की जमीन खाली कराई। अवैध कब्जे हटाने के बाद इस सड़क को जीएमडीए की ओर से बनवाया जाएगा।
एचएसवीपी के प्रशासक रेनू सोगन के आदेश अनुसार हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल को साथ लेकर सेक्टर-93 से 89 तक की डिवाइडिंग रोड की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को खाली कराया। कब्जा धारियों ने विरोध किया लेकिन जेई ललित ने उन्हें समझाया। फिर आगे की कार्रवाई की। इसमें दो झोपड़ी और पांच पक्की दुकान और टीन सेट के कमरे बने थे। सभी को जेसीबी द्वारा ध्वस्त कर दिया गया।
जेई शमशेर ने चेतावनी दी आगे से यहां पर कोई भी अवैध कब्जा किया तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यह रोड जीएमडीए को बनवानी है। शहरी संपदा अधिकारी विकास ढ़ाडा के आदेश अनुसार दो दिन पहले मुनादी करवाकर इस जमीन को खाली करने के आदेश दिए थे। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर उपमंडल अभियंता संदीप चिल्लर उपस्थित थे। इस मौके पर संजीव यादव, अजीत सहरावत, सूरत सिंह पटवारी, सतपाल,वीरेंद्र, बलविंदर मौजूद रहे।