सेक्टर-14 में हो रही थी कार्रवाई, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-14 की मार्केट से अतिक्रमण हटाने पहुंची हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की टीम को अवैध कब्जा करने वालों ने घेर लिया। वह कार्रवाई के विरोध में उतर आए। स्थिति को बिगड़ता देख प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को बुलाया। इसके बाद ही अभियान चल सका। सरकारी काम में बाधा डालने पर करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर-14 की प्राधिकरण की मार्केट में रेहड़ी, स्टाल आदि लगाने वालों ने कब्जा कर रखा है। यहां मार्केट के गलियारों तक में कब्जा कर रखा है। कुछ दिन पहले प्राधिकरण की ओर से चेतावनी दी गई थी कि अवैध कब्जा हटा लिया जाए। शनिवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखते ही रेहड़ी, स्टाल लगाने वाले इकट्ठा हो गए और प्राधिकरण की टीम को घेर लिया। कब्जा करने वालों की मांग थी कि यहां पर कोई अभियान नहीं चलेगा। कब्जा करने वालों ने टीम के साथ झगड़ा करना और बहस करना शुरू कर दिया।
करीब एक घंटे तक यह स्थिति रही। स्वयं को घिरता देख प्राधिकरण की टीम ने पुलिस को बुलाया जिसके बाद ही अभियान चल सका। बाद में टीम ने यहां से स्टाल, खोखे आदि पूरी तरह हटा दिए। दुकानदारों के सरकारी काम में बाधा डालने पर 50 के खिलाफ सेक्टर-14 के थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इस अवसर पर कनिष्ठ अभियंता शमशेर महला, धीरज, संजीव यादव, दयानंद, राजेंद्र, बलविंदर आदि मौजूद थे।