उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई, कहा- बिल अपलोड करने मेें हरियाणा पहले स्थान पर होगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मेरा बिल मेरा अधिकार योजना एप का अपग्रेडेशन होगा। शुक्रवार को सेक्टर-15 के पार्ट-2 में हुए एक कार्यक्रम में प्रदेश के लिए योजना का शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा था कि एप में अपग्रेडेशन हो, जिससे यह पता लगे कि वर्तमान में कितने लोग बिल अपलोड कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि एप में अपग्रेडेशन के साथ ही यह फीचर होगा कि किस राज्य के कितने लोगों ने बिल अपलोड किया है। जब यह विवरण हमारे पास होगा तो निश्चित रूप से सबसे ज्यादा बिल अपलोड करने वालों में हरियाणा का पहला स्थान होगा। उन्होंने कहा कि दुकानदारों से भी आग्रह है कि वह भी उपभोक्ताओं को बिल लेने के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करें। उन्हें समझाएं कि बिल लेना उनके लिए दोहरे फायदे का सौदा साबित हो सकता है। उन्हें गुणवत्ता युक्त सामान तो मिलेगा ही, बल्कि उन्हें लकी ड्रा में पुरस्कार भी हासिल हो सकता है।