248-ए हाइवे पर पुल, पुलिया और नालों की डीपीआर के लिए एचएसआरडीसी गुरुग्राम ने जारी किया टेंडर
डेढ़ लाख रुपये की लागत से 75 दिन के अंदर तैयार होगी रिपोर्ट
राजूद्दीन जंग
नगीना। प्रस्तावित नूंह-अलवर फोरलेन बनाने की कार्रवाई तेज हो गई है। एक तरफ लंबाई और चौड़ाई की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बन रही है तो दूसरी ओर हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम एलिवेटेड पुल और नाले बनाने की डीपीआर टेंडर जारी कर चुका है। इस काम पर एक लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे। यह 75 दिन के अंदर पूरा करना होगा। ऑनलाइन आवेदन 9 मार्च 2023 तक भरे जा सकते हैं। एचएसआरडीसी गुरुग्राम के डिप्टी जनरल मैनेजर ने बताया कि 15 फरवरी से आवेदन लिए जा रहे हैं, जो 10 मार्च को खोले जाएंगे। नूंह, बड़कली चौक, अलवर हाइवे की चौड़ाई और लंबाई का सर्वे 48 लाख रुपये की लागत से शुरू हो चुका है।
बता दें कि 248-ए हाईवे को 2018 में संगठन खूनी हाईवे का दर्जा दे चुके हैं। बड़कली चौक पर 2018 में हरियाणा दिवस से छह दिवसीय धरना दिया गया, जिसके बाद सड़क एवं लोक निर्माण विभाग नूंह ने दिसंबर में 186 करोड़ रुपये का प्रपोजल केंद्र सरकार भेजा था। बजट की मंजूरी मिली तो केंद्र सरकार ने अचानक दिल्ली मुंबई वडोदरा एक्सप्रेसवे बनाने का ऐलान कर दिया। जिसके कारण बजट और हाईवे फोरलेन बनाने की योजना ठंडे बस्ते में पड़ गई। स्वयंसेवियों और सामाजिक संगठन निरंतर लड़ते रहे।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं में हो रही मौतों से तंग आकर 2019 में 3 दिवसीय धरना बड़कली चौक पर हुआ। साल 2020 में हरियाणा दिवस पर 23 दिन धरना चला। मई 2021 में 292 करोड़ 53 लाख रुपये का बजट मंजूर हुआ, परंतु केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे को तवज्जो देने के चक्कर में नूंह अलवर फोरलेन योजना धीमी हो गई। वित्तवर्ष 2021-22 में बजट को बढ़ाकर 350 करोड़ रुपये कर दिया गया। तैयार हो रही डीपीआर में बजट 500 करोड़ रुपये के पार पहुंचने का अनुमान है। गुरुग्राम से नूंह तक 2013 में फोरलाइन बना दिया था। यूपीए सरकार ने 3 नवंबर 2008 को नूंह से अलवर बॉर्डर तक फोरलेन करने का पत्थर लगाया था, जोकि कांग्रेसियों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। प्रस्ताव के मुताबिक, गांधी पार्क नूंह से खेडला नूंह तक एलिवेटेड पुल के अलावा मालब, आकेड़ा, भादस, बड़कली चौक, मांडीखेड़ा, बॉडी कोडी, तिजारा मोड़, अंबेडकर चौक फिरोजपुर झिरका में पुल बनाए जाने की आवश्यकता है।
...........
शमशेर सिंह, कार्यकारी अभियंता सड़क एवं लोक निर्माण विभाग नूंह कहते हैं कि हरियाणा सरकार हाईवे नंबर 248-ए को फोरलेन करने की कार्रवाई पहले ही पूरी कर चुका है। डीपीआर बनते ही निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा।
कैप्शन: नूंह अलवर हाईवे