अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में गांव की सरकार शनिवार को चुनी जाएगी। जिले में कुल 157 ग्राम पंचायतें हैं। जिनके लिए 291 बूथों पर मतदान होगा। जिले में लगभग 2,45, 228 मतदाता गांव की सरकार चुनेंगे। नामांंकन वापस होने की प्रक्रिया के बाद आठ सरपंच और 937 पंच निर्विरोध चुने गए हैं। जिसमें गुरुग्राम खंड से कोई भी सरपंच निर्विरोध नहीं चुना गया है। फर्रूखनगर से दो महिलाएं निर्विरोध सरपंच चुनी गई हैं। सोहना से एक पुरुष सरपंच निर्विरोध चुना गया है। पटौदी से सर्वाधिक पांच सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जिसमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
सरपंच पदों को लेकर अब गुरुग्राम खंड में कुल 40 दावेदार मैदान में हैं। जिसमें 22 पुरुष और 18 महिलाएं हैं। इसी तरह से फर्रुखनगर खंड में 115 पुरुष और 86 महिलाओं के साथ कुल 201 दावेदार हैं। सोहना में 98 महिलाओं के साथ 81 पुरुष मैदान में डटे हैं। जिनकी कुल संख्या 179 है। पटौदी खंड में 113 पुरुषों के साथ 107 महिला सहित कुल 220 दावेदार हैं। इस तरह से जिले में कुल 640 उम्मीदवार हैं, जिसमें 348 पुरुष और 292 महिलाएं हैं।
पंच पदों की बात करें तो जिले में नामांकन वापस होने के बाद 937 पंच निर्विरोध चुने गए हैं। जिसमें 471 पुरुष और 466 महिलाएं हैं। गुरुग्राम खंड में 40 पुरुष और 41 महिलाओं के साथ 81 दावेदार निर्विरोध चुने गए हैं। फर्रूखनगर खंड में 144 पुरुष और 133 महिलाओं के साथ कुल 277 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया है। सोहना खंड में 104 पुरुष और 100 महिलाओं के साथ कुल 204 प्रत्याशियों ने इस तरह बाजी मारी है। पटौदी खंड में 183 पुरुष और 192 महिलाओं के साथ कुल 375 दावेदारों को निर्विरोध चुना गया है।
निर्विरोध चयन के बाद अब पंच पदों पर जिले में कुल 1020 प्रत्याशी मैदान में डटे हैं, जिसमें 489 पुरुष और 531 महिला उम्मीदवार हैं। गुरुग्राम खंड में 27 पुरुष और 17 महिलाओं के साथ कुल 44 दावेदार हैं। फर्रुखनगर खंड में 121 पुरुष और 279 महिलाओं के साथ कुल 400 प्रत्याशी हैं। सोहना खंड में 127 पुरुष और 86 महिलाओं के साथ कुल 213 दावेदार हैं। पटौदी खंड में 214 पुरुष और 149 महिलाओं के साथ कुल 363 उम्मीदवार हैं। 57 वार्डों में किसी ने भी नामांकन नहीं किया है। इसकी चुनाव प्रक्रिया जल्द ही पूरी कराई जाएगी।
निर्विरोध चुने गए सरपंचों को 11-11 लाख की सौगात
जिले में 8 ग्राम पंचायतों के सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। इन पंचायतों को प्रदेश सरकार की प्रोत्साहन योजना के तहत 11-11 लाख रुपये की धनराशि दी जाएगी। फर्रुखनगर ब्लॉक के गांव खरखड़ी में इंद्रा देवी, राजपुर में मीनू देवी, पटौदी ब्लॉक के गांव हलियाकी में देशराज, बाराहेड़ी रेहनवा में नीरजपाल, गोरियावास में मनीष, मुमताजपुर में गुड्डी देवी व हुसैनका में चिंकी निर्विरोध चुने गए हैं। इसी प्रकार सोहना ब्लॉक के गांव अभयपुर में स्वामीराम सर्वसम्मति से सरपंच चुने गए हैं। इन आठ गांव में सरपंच पद के लिए एक-एक ही नामांकन आया था। नाम वापसी के बाद इनको निर्विरोध चुन लिया गया।
शुक्रवार को इस अहम चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। शनिवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके तत्काल बाद ही मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उसी दिन आधी रात के बाद तक चुनाव परिणाम आने की संभावना है।