दुष्यंत चौटाला ने बताया कि जल्द ही गुरुग्राम के सेक्टर 84 में एक हेलीपोर्ट स्थापित किया जाएगा, योजना पर अंतिम चरण में है। हेलीपोर्ट में 100 यात्रियों के लिए एक टर्मिनल को बनाने का प्रावधान किया है। इसमें छोटे व बडे हेलीकॉप्टर को रखने के लिए हैंगर, पार्किंग, मरम्मत इत्यादि सुविधाएं शामिल हैं। हैलीपोर्ट में 300 मीटर का रनवे होगा और हेलीकॉप्टर को जल्द से जल्द लैंडिंग और टेकआफ की सुविधा भी देगा और इसे 24 घंटे सुचारू रखा जाएगा।
अन्य राज्यों को जोड़ने की तैयारी
डिप्टी सीएम ने कहा कि रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत आगे बढ़ते हुए हरियाणा लीड कर रहा है और इस दिशा में हिसार, अंबाला और करनाल से देश के उत्तरी राज्यों के शहरों के बीच उड्डयन कनेक्टिविटी करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे गए हैं। इस स्कीम हरियाणा सहित पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश शामिल है। प्राथमिक तौर पर इस स्कीम के अंतर्गत हिसार से जैसलमेर, हिसार से जयपुर, हिसार से आगरा, अंबाला से वाराणसी, अंबाला से गोरखपुर इत्यादि शहरों को कनैक्ट करने की योजना है।
31 मार्च तक पूरा होगा हिसार एयरपोर्ट की चहारदीवारी का काम
पत्रकारों से बातचीत करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार एयरपोर्ट की चहारदीवारी का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और आने वाली 31 मार्च तक इसका कार्य पूरा हो जाएगा। इसी प्रकार, हिसार एयरपोर्ट के रनवे का कार्य भी अगले एक से डेढ़ माह तक पूरा कर लिया जाएगा। आम बजट के संबंध में पूछे सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी के लिए निर्धारित 500 करोड़ रुपये की राशि को और बढाया जाए।