स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंखों की कराई गई मरम्मत, कूलर के लिए टेंडर जारी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिक अस्पताल में गर्मियों को लेकर तैयारियां कर ली गई हैं। अस्पताल के सभी वार्डों और ब्लॉक्स में पंखों की मरम्मत और वायरिंग आदि कराई गई है। साथ ही सभी वार्डों में कूलर लगाए जाने की व्यवस्था की जा रही है। वार्डों में कूलर लगाए जाने के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसके अलावा अप्रैल माह के मध्य तक अस्पताल परिसर में ड्यूल फ्यूल का एक 625 केवी का जनरेटर भी लगाया जाएगा जिससे मरीजों को आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिल सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल में लगे एडमिन ब्लॉक सहित अन्य जगहों पर लगे एसी की भी मरम्मत कराई गई है। नागरिक अस्पताल में तैनात डीएमएस नीरज यादव ने बताया कि वर्तमान में अस्पताल में तीन जनरेटर मौजूद है। एनजीटी के आदेशों के मद्देनजर सभी जनरेटरों को ड्यूल फ्यूल में बदला गया है। इसके अलावा ड्यूल फ्यूल का एक जनरेटर और लगाया जा रहा है। परिसर में वाटर कूलरों को भी ठीक किया जा रहा है।
पिछली बार रही थी बिजली की किल्लत
वर्ष 2023 में नागरिक अस्पताल में मरीजों को बिजली की किल्लत का सामना करना पड़ा था। पिछले वर्ष लगातार तीन दिन बिजली सप्लाई बाधित रही थी। इसके अलावा अस्पताल में मरीजों को लंबे बिजली कटों का सामना करना पड़ा था। बिजली के लंबे कट और बिजली सप्लाई बाधित रहने की स्थिति में जनरेटर भी पर्याप्त मात्रा में बिजली सप्लाई नहीं कर पाए थे, ऐसे में मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था ।
वर्जन
अस्पताल के सभी वार्डों के पंखों को ठीक करा दिया गया है वहीं जनरेटर भी लगाए गए हैं। आने वाले दिनों में मरीजों को गर्मी से परेशान होना नहीं पड़ेगा।- डॉ जयमाला, पीएमओ, नागरिक अस्पताल।