आने वाले दिनों में और बढ़ेगा दिन और रात का पारा
15 और 16 को मौसम फिर से परिवर्तनशील होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अप्रैल के शुरूआत में नवंबर महीने का एहसास कराने के लिए बाद मौसम की बेरुखी शुरू हो गई है। अब गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। दिन का पारा यानी अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी हो गई है। इस बढ़ोतरी के बाद रविवार को दिन का पारा 35 के पार पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आमतौर पर अप्रैल का पारा 31 से 32 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन इस बार बेमौसमी बरसात के बाद पारा 35.1 एक डिग्री तक पहुंच गया है। आने वाले दिनों में इसमें दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मनजीत कुमार के अनुसार अप्रैल में इस बार ज्यादा गर्मी रहने की संभावना है। हालांकि 15 और 16 को मौसम में कुछ बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना बन रही है, लेकिन गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में हल्की बादलवाई रहेगी। इस बादलवाई का तापमान पर असर होगा। रात का पारा यानी न्यूनतम पारा 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। डॉ. मनजीत के अनुसार अप्रैल में औसत तापमान 31 से 32 डिग्री रहता है, लेकिन इस बार अभी से 35 को पार कर रहा है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह 37 से 38 डिग्री तक पहुंचेगा।