थाना प्रभारी को मिलने वाली शिकायत पर 7 दिन के भीतर देना होगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर हरियाणा पुलिस के पूरे सिस्टम को ऑनलाइन करना चाहते हैं। इससे जहां पारदर्शिता के चलते लोगों के बीच पुलिस की छवि और बेहतर होगी साथ में भ्रष्टाचार न होने की पूरी संभावना रहेगी। प्रदेश को भयमुक्त समाज का नारा देने वालों को बल मिलेगा।
पुलिस महानिदेशक कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही पुलिस के सिस्टम में खामियों को दूर करने में जुटे हैं। साथ ही अपने कार्यकाल में ऐसी छाप छोड़ना चाहते हैं। पुलिस महानिदेशक ने सभी जिला पुलिस अधीक्षक, पुलिस आयुक्त को पूरा सिस्टम ऑन लाइन करने को कहा है। पुलिस की एफआईआर तो ऑन लाइन है। आने वाले समय में शिकायत से लेकर उसकी जांच का सिस्टम ऑन लाइन होगा।
शिकायत करने वाले को सात दिन के भीतर जवाब देना होगा। शिकायत को पुलिस के पोर्टल पर लाने की योजना है। शिकायत करने वालों को ऑनलाइन दिखेगा कि उसकी शिकायत की प्रति कहा पर है और उस पर क्या कार्रवाई हो रही है। पुलिस का अब तक 50 प्रतिशत काम ऑन लाइन है। उसे 100 प्रतिशत तक लाने का प्रयास किया जागा। पुलिस महानिदेशक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत पत्र का अधिकतम सात दिन के भीतर निपटारा हो जाना चाहिए।
-
एंटी करप्शन ब्यूरो विंग होगी और मजबूत, बढ़ेगी जवानों की संख्या
गुरुग्राम। एसीबी को और मजबूत किया जाएगा। अभी इस विंग में जवानों व अधिकारियों की संख्या कम है। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि अगर सरकार की ओर से एक आदेश आ जाता है कि स्कूल में लगे झूलों का विवरण दिया जाए कि वह मानक के हिसाब से लगे है तो एक स्कूल में जानते वाली टीम झूलों की नापतौल के साथ तीन लोगों का बयान दर्ज करेगी। इस तरह से वह इस काम को कितने दिन में पूरा करती है। ऐसे में विंग को और मजबूत किया जाना है।