72 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
नूंह। हरियाणा प्रदेश को नशा मुक्त करने के अभियान को साकार करने में हरियाणा एनसीबी लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में सफलता प्राप्त करते हुए ब्यूरो की फरीदाबाद यूनिट ने नूंह शहर में पंजाब नेशनल बैंक के पास से अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक नशा तस्कर को 72 ट्रामाडोल कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हामिद काॅलोनी नूंह निवासी मोहम्मद हिशाम पुत्र उमर मोहम्मद के रूप में हुई है। एनसीबी फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज निरीक्षक मनोज सांगवान ने बताया कि एसआई कीमती लाल अपनी टीम के साथ अड़बर चौक जिला नूंह के पास मौजूद थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नूंह शहर में एक नशा तस्कर अवैध नशीले दवाइयों की तस्करी का कारोबार करता है। यदि पुलिस टीम त्वरित कार्रवाई करे तो आरोपी को अवैध नशीला कैप्सूल सहित काबू किया जा सकता है। इसी सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बताए स्थान पर पहुंचकर एक आरोपी को अवैध नशीले कैप्सूलों सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 72 नशीले ट्रामाडौल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की आरोपी पर थाना सिटी नूंह में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश करके पूछताछ की जा रही है। संवाद