दो बच्चों का पालन पोषण करने के साथ ही जिंदगी में हासिल किया मुकाम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरु अगर अपने शिष्यों का सही मार्गदर्शन करें तो उनको फर्श से अर्श तक पहुंचा सकते हैं। महिला रेस वॉकर रेणु कादयान के गुरु शमशेर सिंह और डॉ. सुनील डबास के मार्गदर्शन ने उनकी जिंदगी की राह बदल दी। रेणु कादयान ने गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में लगातार 24 घंटे रेस वॉक करके एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। इसके उपरांत मार्च-2022 में ओमान के मस्कट में आयोजित मास्टर्स वर्ल्ड रेस वॉक चैंपियनशिप के 35 से अधिक आयुवर्ग में 10 किमी. रेस वॉक करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
रेणु कादयान बताती हैं कि अपने पति से अलग होेने के बाद उनकी जिंदगी बिखर चुकी थी। लेकिन दो बच्चों का पालन-पोषण करने के साथ ही उनको जिंदगी में आगे बढ़ना था। ऐसे में गुरुग्राम द्रोणाचार्य राजकीय कॉलेज की खेल विभागाध्यक्ष (स्पोर्ट्स एचओडी) डॉ. सुनील डबास (पदमश्री व द्रोणाचार्य अवार्डी) और रेस वॉक में एशियन रिकॉर्ड होल्डर रोहतक के शमशेर सिंह ने गुरु के तौर पर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वे इन दोनों को अपने गुरु मानती है, जिन्होंने इनकी जिंदगी में काफी बदलाव किया। रेणु कादयान ने बताया कि मुझे यह पहचान मेरे दोनों गुरु के मार्गदर्शन से मिली है। दो बच्चों का पालन पोषण करने साथ ही जिंदगी में एक मुकाम हासिल किया है। ऐसे में मेरे दोनों बच्चे भी मुझ पर गर्व करते हैं।
रेणु कादयान ने बताया कि डॉ. सुनील डबास के कहने पर उन्होंने गुरुग्राम विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की, जिससे वे निजी कॉलेज में स्पोर्ट्स फैकल्टी के तौर पर नियुक्त हो चुकी हैं। वहीं, रेस वॉकर शमशेर सिंह के मार्गदर्शन में रेस वॉक शुरू की। अक्तूबर-2021 में गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में लगातार 24 घंटे लगातार 151 किलोमीटर की रेस वॉक करके एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया। मार्च-2022 में ओमान के मस्कट में आयोजित मास्टर्स वर्ल्ड रेस वॉक चैंपियनशिप के 35 से अधिक आयुवर्ग में 10 किमी. रेस वॉक करके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर भारत का नाम रोशन किया। इसके अलावा राज्य व राष्ट्रीय स्तर की कई एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई। वर्तमान में रेणु कादयान सोहना खंड में एथलेटिक्स की खेल नर्सरी में खिलाड़ियों को अभ्यास कराती हैं।