गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में लगभग 45 से 50 कोर्सों की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार विशेष कदम उठाए हैं। सबसे महत्वपूर्ण निर्णय के तहत परीक्षा के दौरान निरीक्षकों को मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षा हॉल में कई बार निरीक्षक मोबाइल चलाते रहते हैं, जिससे उनकी निगरानी कमजोर पड़ जाती है। इसका असर परीक्षार्थियों की एकाग्रता पर भी पड़ता है और कुछ मामलों में नकल की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसी परिस्थितियों को रोकने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने यह सख्ती लागू की है। विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि परीक्षा के दौरान केंद्रों पर निरीक्षकों के मोबाइल फोन इस्तेमाल पर रोक लगी है। इससे निरीक्षक पूरी तरह परीक्षा-प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और नकल की संभावनाएं भी घटेंगी। यह कदम विद्यार्थियों के लिए अधिक अनुशासित, पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा वातावरण सुनिश्चित करेगा। संवाद