11129 छात्र-छात्राओं में से 9630 ने पास की 12वीं की परीक्षा
बीते सत्र में 79.94 फीसदी परिणाम के साथ था 16वें स्थान पर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। 86.53 फीसदी के साथ गुरुग्राम ने हरियाणा में 14वां स्थान हासिल किया है। जिले के 11129 छात्र-छात्राओं ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दी थी। इनमें से 9630 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। 1216 छात्र-छात्राओं की कम्पार्टमेंट आई है, जबकि 283 छात्र-छात्राएं अनुत्तीर्ण हुए हैं।
शैक्षणिक सत्र में 92.99 फीसदी के साथ महेंद्रगढ़ जिले ने हरियाणा में टॉप किया है, जबकि 56.83 फीसदी के साथ नूंह सबसे फिसड्डी रहा। बीते सत्र की अपेक्षा इस बार जिले के परिणाम में सुधार हुआ है। बीते साल गुरुग्राम 79.94 फीसदी परिणाम के साथ हरियाणा में 16वें स्थान पर रहा था। बीते सत्र में 12710 विद्यार्थियों में से 10160 विद्यार्थी पास हुए थे।
गुरुग्राम के मेधावी छात्र-छात्राएं
हर्षिता ने कॉमर्स संकाय में 98 फीसदी अंक हासिल किए, बनना चाहती हैं सीए
सोहना खंड के सहजावास स्थित बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हर्षिता ने कॉमर्स संकाय में 98 फीसदी अंक हासिल किए हैं। हर्षिता ने बिना ट्यूशन ही पढ़ाई करके यह अंक प्राप्त किए। उन्होंने बताया कि वह सीए बनना चाहती हैं। हर्षिता ने अकाउंट में 100 , बिजनेस स्टडी में 99 , अर्थशास्त्र में 99 , हिंदी में 99 और अंग्रेजी में 95 अंक प्राप्त किए हैं। हर्षिता के पिता जनरल स्टोर चलते हैं और माता गृहिणी है।
वर्षा ने प्राप्त किए 95.2 फीसदी अंक, यूपीएससी की करेंगी तैयारी
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जैकबपुरा की छात्रा वर्षा ने 12वीं कक्षा में 95.2 फीसदी अंक हासिल किए हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए सीयूईटी परीक्षा देंगी। इसके साथ ही यूपीएससी परीक्षा की तैयारी भी करेंगी। उन्होंने अर्थशास्त्र में 99 , राजनीति विज्ञान में 98 , इतिहास में 95 और हिंदी में 98 अंक प्राप्त किए हैं। वर्षा ने बताया कि उनके पिता हरिलाल निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। माता गुलाबो देवी घरेलू सहायिका हैं। एक भाई दुकान पर कार्य करता है व एक भाई 10वीं कक्षा में पढ़ता है। वर्षा ने बताया कि उसने अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत से पढ़ाई की है।
संजना ने प्राप्त किए 95 फीसदी अंक, बैंकिंग क्षेत्र में संवारेंगी भविष्य
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बास पदमका की छात्रा संजना ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में 95 फीसदी अंक हासिल किए हैं। संजना ने बताया कि वे बैंकिंग क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती है। इसके लिए वे गुरुग्राम के राजकीय कॉलेज में बी.काॅम में दाखिला लेंगी। उन्होंने अर्थशास्त्र में 91 , हिंदी में 98 , अकाउंट में 94 , बिजनेस स्टडीज में 98 और गणित में 94 अंक प्राप्त किए हैं। 95 फीसदी अंक लेने वाली संजना के पिता बलराम वेयर हाउस में नौकरी करते हैं। माता टीना गृहिणी हैं और एक बड़ा भाई कॉलेज में प्रथम वर्ष में पढ़ता है।