- गुरुग्राम के युवाओं के बीच यूथ आइकॉन है एल्विश
- वापसी पर एयरपोर्ट से लेकर गुरुग्राम तक गाड़ियों के काफिले के साथ स्वागत की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यूट्यूबर एल्विश यादव की बिग बॉस ओटीटी-2 पर हुई जीत के बाद गुरुग्राम और उसके गांव वजीराबाद में जश्न का माहौल है। एल्विश के घर में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मिठाई बांटी जा रही है। एल्विश के स्वागत की भव्य तैयारी की जा रही है। इसमें उसे एयरपोर्ट से गुरुग्राम तक गाड़ियों के काफिले के साथ लाने की बात कही जा रही है। एल्विश की सफलता से क्षेत्र के युवाओं में गजब का उत्साह है।
वजीराबाद के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले एल्विश का लोकप्रियता हासिल करने तक का सफर बेहद दिलचस्प है। पिता शिक्षक हैं और एल्विश ने शिक्षा वाणिज्य विषय के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरी की है। क्षेत्र के युवा कहते हैं एल्विश की सफलता ने उन्हें भी प्रेरित किया है कि वह भी कुछ ऐसा क्रिएटिव करें जिससे उन्हें भी ऐसी सफलता मिले।
100 से ज्यादा गाड़ियां शामिल होंगी एल्विश के काफिले में
एल्विश के जीतने के साथ ही गुरुग्राम के युवा इस कदर हर्षेाउल्लास से भरे हुए हैं कि वह उसके मुंबई से गुरुग्राम आने के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट से ही 100 से ज्यादा गाड़ियों के काफिले को शामिल करने की बात कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट से गुरुग्राम में एल्विश के घर तक गाड़ियों के काफिले के साथ रैली निकाले जाने के लिए प्रशासन से भी अनुमति ली जाएगी।
सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी सफलता और अपने को साबित करने के लिए भी किया जा सकता है, इस बात को एल्विश ने साबित किया है। - राजकुमार, चकरपुर
बिग बॉस जैसे बड़े प्लेटफार्म पर प्रतिभागी के टेंपरामेंट की सबसे बड़ी परीक्षा होती है। एल्विश ने अपनी सूझबूझ से इस शो को जीता है- धर्मेंद्र यादव
मोबाइल और इंटरनेट की लत में फंस चुके युवाओं के लिए एल्विश एक उदाहरण है कि किस तरह संसाधनों का उपयोग करके सफलता हासिल की जाती है। - किशन, सिकंदरपुर
एल्विश की सफलता से युवाओं को निश्चित रूप से प्रेरणा मिलेगी। वह जब उससे मिलेंगे तो कई बातें उनको भी सीखने को मिलेंगी- अनिल झाड़सा