आरआर के क्रिकेट रियलिटी शो ग्रेंड फिनाले में हुआ चयन, अब एक साल प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के एक युवा क्रिकेटर के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दरवाजे खुल गए हैं। राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट रियलिटी शो के ग्रांड फिनाले में गुरुग्राम के रहने वाले अभिषेक बत्रा का चयन हुआ है। अब वह एक साल राजस्थान रॉयल्स (आरआर) में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और उसके बाद उनके टीम में भी खेलने की संभावना बनेगी। राजस्थान रॉयल्स और वाइकॉम ने मिलकर क्रिकेट के रियलिटी शो का आयोजन किया और उसमें देश भर के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की खोज की। शहर के साउथ सिटी-1 में रहने वाले अभिषेक बत्रा एक निजी बैंक में सीनियर मैनेजर हैं। राजस्थान रॉयल्स के इस कंटेस्ट में देश के कोने कोने से करीब एक लाख क्रिकेटरों ने प्रतिभाग किया था। राजस्थान रायल्स के कोच ने उनका चयन किया है। अभिषेक की मां अनुपमा बत्रा राजकीय कालेज में प्रिंसिपल के पद से रिटायर हैं। उनके पिता पवन बत्रा व्यवसायी हैं।