गुरुग्राम। जिला प्रशासन नगर निगम व अन्य सरकारी विभागों के तमाम प्रयासों के बाद भी जिले में प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है।
प्रदूषण का स्तर एक ही स्थान पर आकर ठहर गया है। विभिन्न विभाग प्रदूषण के स्तर और एक्यूआई को नीचे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को गुरुग्राम का एक्यूआई 338 दर्ज किया गया। विकास सदन का 336, ग्वाल पहाड़ी का 343, सेक्टर 51 का 340, टेरीग्राम का 334, और मानेसर का एक्यूआई 332 दर्ज किया गया। अगर बुधवार के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो बुधवार को मानेसर में एक्यूआई 285, ग्वाल पहाड़ी में 247, सेक्टर 51 में 374 और टेरी ग्राम में 293 दर्ज किया गया था।
इस तरह कोई उल्लेखनीय कमी प्रदूषण के स्तर में नहीं देखी जा रही है। प्रदूषण के स्तर को नीचे लाने के लिए नगर निगम दावा कर रहा है कि वह लगातार धूल उड़ाने वाली गतिविधियों पर लगाम कस रहा है। इसके साथ साथ सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है। जहां-जहां निर्माण कार्य चल रहा है वहां पर भी पानी डाला जा रहा है। आरटीए विभाग का दावा है कि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के लगातार चालान किए जा रहे हैं। वाहनों को सीज किया जा रहा है। नगर निगम ने सात अलग-अलग मदों में प्रदूषण फैलाने वाले लोगों पर 17 लाखों रुपए से अधिक का जुर्माना भी ठोका है। लेकिन इसके बाद भी प्रदूषण पर लगाम नहीं कसी जा सकी है।