ताऊ देवीलाल खेल परिसर के क्रिकेट मैदान को लीज पर देने की तैयारी
- पहले चरण में 4 या 5 साल लीज पर देने की योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर के क्रिकेट मैदान को लीज पर देने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। पहले चरण में क्रिकेट मैदान को 4 या 5 साल के लिए लीज पर दिया जाएगा। अगर सबकुछ ठीक रहा तो लीज को आगे भी बढ़ाया जाएगा, वरना किसी अन्य एजेंसी को लीज बदली जाएगी। क्रिकेट मैदान के लीज पर दिए जाने की चर्चा होने से यहां क्रिकेट खेल का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अपने भविष्य को लेकर चिंता होने लगी है। हालांकि खेल परिसर के प्रबंधक विजय मलिक का कहना है कि वर्तमान में जो खिलाड़ी क्रिकेट मैदान में खेल रहे हैं, उनको लीज पर देने के बाद भी खेलने का मौका मिलेगा।
ताऊ देवीलाल खेल परिसर को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसमें एथलेटिक्स, क्रिकेट, कुश्ती, तीरंदाजी सहित अन्य कई खेलों में खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। क्रिकेट मैदान को लीज पर देने के लिए मानकों तय किए जाएंगे, जिसके अनुसार ही मैदान को लीज पर लेने वाली एजेंसी को कार्य करने होंगे। एजेंसी को क्रिकेट मैदान में इलेक्ट्रोनिक स्कोर बोर्ड, फ्लड लाइट, दर्शकों के बैठने के लिए व्यवस्था, बाहर से खेलने आने वाली टीमों के व्यवस्था, क्रिकेट मैदान की सुरक्षा सहित अन्य संसाधनों की व्यवस्था करनी होगी। किक्रेट मैदान को लीज पर देने के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे, जिस एजेंसी लीज को लेकर बेहतर प्रस्तुतिकरण देगी और मानक व नियमों को पूरा करेगी, उसको क्रिकेट मैदान की लीज मिलेगी। ताऊ देवीलाल खेल परिसर के प्रबंधक विजय मलिक ने बताया कि जीएमडीए में क्रिकेट मैदान को लीज पर देने के लिए योजना पर कार्य चल रहा है। जल्द ही लीज के लिए ट्रेंडर जारी हो सकते हैं।
फोटो-18- क्रिकेट मैदान में बना चौधरी सुरेंद्र सिंह पेवलियन।
---- प्रवीन कुमार