वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार लेकिन चिंता बरकरार
- शुक्रवार को 164 एसपीएम रहा शहर का एक्यूआई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर की वायु गुणवत्ता में एक दिन पहले के मुकाबले में शुक्रवार को कुछ सुधार हुआ लेकिन समग्र तौर पर वायु गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। एक दिन पहले गुुरुग्राम का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 215 था जो शुक्रवार को कम होकर 164 पर पहुंच गया लेकिन स्वास्थ्य के लिहाज से यह स्थिति भी चिंताजनक मानी जाती है। वहीं, मानेसर का एक्यूआई 164 दर्ज किया गया जबकि पड़ोसी शहर फरीदाबाद में एक्यूआई 183 रहा।
दिन में तेज धूप के कारण शुक्रवार को प्रदूषण में कमी आई लेकिन स्थिति संतोषजनक नहीं रही। सेक्टर-51 इलाके में प्रदूषण सबसे ज्यादा रहा और यहां पर एक्यूआई सर्वाधिक 226 एसपीएम दर्ज किया गया। वहीं, प्रदूषण के मामले में टेरी ग्राम की स्थिति भी खराब रही और यहां पर एक्यूआई 209 दर्ज किया गया। वन्य क्षेत्र ग्वाल पहाड़ी में एक्यूआई 127 रहा तो वहीं बड़ी राहत की बात यह रही कि शहर की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को संतोषजनक स्थिति में पहुंच गई और यहां पर एक्यूआई 97 एसपीएम पर दर्ज किया गया। हालांकि, मौसम विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में आगामी दिनों में प्रदूषण व धुंध का असर बढ़ सकता है। पिछले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में 2 व न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
---------
पंकज मिश्रा