शिक्षा और शोध को लेकर जीयू और आईआईटी मंडी के बीच हुआ एमओयू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी, हिमाचल प्रदेश में गुरुग्राम विश्वविद्यालय (जीयू) के छात्र भी पढ़ाई कर सकेंगे। छात्रों को आईआईटी में शोध का मौका मिलेगा। दोनों संस्थानों ने एमओयू के जरिए संयुक्त शोध कार्यों और ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए करार किया।
गुरुग्राम विवि के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार की उपस्थिति में कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार सिंह और आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने इस करार पर हस्ताक्षर किए। प्रो. दिनेश कुमार ने कहा कि आधुनिक समय की मांग के अनुसार गुरुग्राम विवि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए काम करने में जुटा है। इस करार के तहत जीयू के इंजीनियरिंग विभाग के छात्र आईआईटी मंडी में पढ़ाई कर सकेंगे। इसके साथ ही अनुसंधान, शिक्षण और परामर्श पर भी आपसी सहयोग से काम कर सकेंगे। स्नातकोत्तर (पीजी) और पीएचडी में भी संयुक्त रूप से काम कर सकेंगे। दोनों संस्थानों में सेमिनार, कार्यशाला, सम्मेलन, प्रशिक्षण कार्यक्रम जैसे संयुक्त कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।