कुछ जगह बंद पड़ी हैं स्ट्रीट लाइटें, लोगों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राजीव चौक- सोहना एलिवेटेड हाइवे की डिवाइडिंग रोड पर कुछ जगहों पर हरियाली विकसित करने का कार्य बीच में छूट गया है। एनसीआर का सबसे महंगा टोल कहे जाने वाले हाइवे पर एक साल से टोल वसूलने के बाद भी तमाम सुविधाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। राजीव चौक- सोहना एलिवेटेड हाइवे पर कुछ जगहों पर स्ट्रीट लाइटों ने भी काम करना बंद कर दिया है। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजीव चौक से सोहना तक करीब 25 किलोमीटर की दूरी है। इस हाइवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे एनएचएआई की तरफ से हरियाली विकसित की जानी है। विभाग की तरफ जेल मोड के पास से सोहना तक के हिस्से में हरियाली विकसित हो चुकी है। जेल मोड से गुरुग्राम की तरफ के कुछ हिस्से में एलिवेटेड रोड पर हरियाली को विकसित नहीं किया गया है। विभाग की तरफ से डिवाइडिंग रोड पर हरियाली के साथ-साथ लोहे की रेलिंग भी लगाई जानी थी। करीब तीन किलोमीटर के हिस्से पर न तो विभाग की तरफ से हरियाली विकसित की गई है और न ही रेलिंग लगाई गई है।
बंद पड़ी है स्ट्रीट लाइटें : वाहन चालकों को टोल चुकाने के बाद भी तमाम सुविधा नहीं मिल पा रहीं हैं। एलिवेटेड रोड के बहुत से हिस्सों पर स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रहीं हैं। इसके चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एलिवेटेड रोड के साथ-साथ सर्विस रोड की भी स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं।