गुरुग्राम। जिलाधिकारी उत्तम सिंह ने जिलावासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने 8 नवंबर को सुबह छह से सात बजे और रात आठ से दस बजे तक ही ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी है। इसके बाद नौ नवंबर से जिले में पटाखों के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध फिर से लागू हो जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में पटाखों पर अस्थायी छूट दी गई है। केवल सीएसआईआर-नीरी से प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल की अनुमति है। निर्धारित समय और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला और खंड स्तर पर निगरानी टीमें बनाई गई हैं। अस्पतालों, नर्सिंग होम, प्राथमिक और जिला स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों तथा अधिसूचित साइलेंस जोन के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। शिक्षण संस्थानों के आसपास भी यही प्रतिबंध लागू होगा। इन निर्देशों का उद्देश्य बीमार लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और अन्य संवेदनशील नागरिकों को ध्वनि तथा वायु प्रदूषण से बचाना है। नौ नवंबर से पटाखों के निर्माण, भंडारण और इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबंध फिर से लागू होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के पटाखे जब्त किए जाएंगे और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो