संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। टमाटर के बाद अब हरी मिर्च ने अपना तीखापन दिखाया है। हरी मिर्च की कीमत पिछले दिनों जहां 50 से 60 रुपये किलो थी, अब 120 रुपये प्रतिकिलो पहुंच गई है। यही नहीं अदरक भी 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इससे गृहणियों का बजट गड़बड़ा गया है।
सब्जियों के दाम दिन-प्रतिदिन आसमान छू रहे हैं। इसके चलते गृहणियों के रसोई का बजट बिगड़ गया है। टमाटर ने पहले ही किचन से दूरी बना ली थी। स्थानीय गृहणी संध्या और कविता ने बताया कि टमाटर का इस्तेमाल न होने से सब्जियों का स्वाद भी प्रभावित हो रहा है। अब टमाटर के साथ ही हरी मिर्च के दाम भी बढ़ गए हैं। गृहिणी विमला, सरोज, सुनीता कहती हैं कि जिस प्रकार से सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं, उससे लग रहा है कि आने वाले दिनों में हरी सब्जियां रसोई से दूर हो जाएंगी। बढ़ रहे दामों से अदरक भी अछूता नहीं है।