पावन एकादशी पर झिरकेश्वर महादेव का श्री बांके बिहारी लाल के रूप में भव्य श्रृंगार
फिरोजपुर झिरका। सावन माह के 25वें दिन पावन एकादशी के अवसर पर रविवार को पांडवकालीन झिरकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का श्री बांके बिहारी लाल के स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। प्रात:काल श्रृंगार आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।झिरकेश्वर महादेव का श्रृंगार कमल, गेंदा, गुलाब और मोगरे के सुगंधित फूलों के साथ किया गया। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के चंदन, रुद्राक्ष, त्रिपुंड और बेलपत्र से भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही रही और भक्तिमय वातावरण बना रहा।श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ झिरकेश्वर महादेव के दर्शन किए तथा पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पावन एकादशी पर भगवान के विशेष श्रृंगार के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।रविवार एकादशी की श्रृंगार सेवा श्री श्याम दिवाने मंडल, फिरोजपुर झिरका, नूंह (हरियाणा) की ओर से की गई।