हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सोमवार को सेक्टर-102 में कार्रवाई करते हुए अपनी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। इस पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के मौजूद रहने से स्थिति नियंत्रण में रही।
सेक्टर-102 धनकोट स्थित प्राधिकरण की जमीन पर कुछ लोगों ने कबाड़ के गोदाम, पक्की दुकान, झोपड़ी आदि बना रखी थी। इसको हटाने के लिए प्राधिकरण ने मुनादी भी की थी। सोमवार को प्राधिकरण की टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। शहरी संपदा अधिकारी-1 विकास ढाडा ने बताया कि मुनादी के बाद भी कुछ लोगों ने जमीन को खाली नहीं किया। इसीलिए कार्रवाई की गई। इस मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर उप मंडल अभियंता संदीप चिल्लर, अजमेर सिंह, एसडीओ सुरेद्र, अजीत सहरावत प्रधान, सूरत सिंह पटवारी, संजीव यादव आदि मौजूद थे।
-
सेक्टर-50 सी में सीवर कनेक्शन जुड़वाया
गुरुग्राम। एचएसवीपी की ओर से सेक्टर-50 सी में सीवर कनेक्शन जुड़वाने का काम किया गया। इससे यहां के प्लाॅट मालिकों को राहत मिलेगी। प्राधिकरण के एसडीओ संदीप लोट ने बताया कि इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलवाया गया और कनेक्शन जुड़वा दिया। सेक्टर-50 की सी पॉकेट में करीब 31 प्लाट हैं और यह पर 17 से अधिक मकानों में निर्माण कार्य चल रहा हैं। इस दौरान एडीओ संदीप लोट, जूनियर इंजीनियर शमशेर सिंह मेहला, सुपरवाइजर जोरावर सिंह मौजूद रहे।