शहर के मंदिरों में भजन कीर्तन और भंडारे का किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के मौके पर मंदिरों में भजन कीर्तन, पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया। गाय के गोबर से गोवर्धनधारी श्री कृष्ण की आकृति बनाकर पूजा की गई। लोगों ने भगवान की परिकर्मा और धनधान्य की परिपूर्णता का आशीर्वाद मांगा।
सिद्धेश्वर मंदिर में कमेटी के प्रधान राम अवतार बिट्टू के साथ शहर के गणमान्य लोग पूजा में शामिल हुए। इस मंदिर में गोवर्धन पूजा में पुराने समय से शहर के गणमान्य लोगों को उपस्थिति होती रही है। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने कढ़ी चावल, बाजरे की खिचड़ी, मौसमी सब्जियां आदि प्रसाद के रूप में प्राप्त किया। सेक्टर चार स्थित श्री कृष्ण मंदिर में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में मंदिर के प्रधान एसएस सिंह दहिया, मनोज भारद्वाज, पंडित अतुल तिवारी आदि शामिल थे। काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने यहां पूजन, हवन और भंडारे में हिस्सा लिया।
सेक्टर चार स्थित श्री राम मंदिर, जैकबपुरा स्थित श्री दुर्गा रामलीला कमेटी, सेक्टर 15 पार्ट वन स्थित राधा कृष्ण मंदिर, कार्टरपुरी स्थित कामधेनुधाम गोशाला, सेक्टर 23 स्थित श्री कृष्ण मंदिर, गीता भवन मंदिर, सेक्टर 39 स्थित शक्तिपीठ मंदिर, प्रकाशपुरी मंदिर, गुफा वाले मंदिर समेत शहर के अन्य मंदिरों में गोवर्धन धारी श्री कृष्ण की पूजा की गई। परिक्रमा, हवन, भजन कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया। सुशांत लोक -3 में जोगेंदर सिंह ने गोवर्धन पूजा का आयोजन किया, जिसमें काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। लोगों ने अपने गोवंश की पूजा की। गौशालाओं में जाकर गोवंश को गुड़ और चारा खिलाया।