बच्चों से मिलने गए थे इंग्लैंड, पीछे से चाेर खंगाल गए मकान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कनाडा उच्चायोग के पूर्व ट्रेड कमिश्नर बच्चों से मिलने इंग्लैंड गए थे। इसी बीच चोर उनके बंद मकान से लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। शिकायत पर पालम विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित के अनुसार करीब 18 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है।
पूर्व ट्रेड कमिश्नर विनय गुप्ता का परिवार गुरुग्राम के पालम विहार में रहता है। पुलिस को दी शिकायत में विनय गुप्ता ने बताया कि 21 मई को वह अपने बच्चों से मिलने के लिए इंग्लैंड चले गए थे। 17 जून को वापस आकर देखा कि मकान के पीछे की तरफ से शीशा और जाली तोड़कर चोर वारदात को अंजाम दे चुके हैं। उनके मकान से चोर 60 हजार की नकदी, 20 ब्रिटिश चांदी के सिक्के, आभूषण समेत अन्य सामान चुरा ले गए । चोर करीब 18-19 लाख का ले गए।
विनय गुप्ता ने बताया कि घर के इलेक्ट्रानिक उपकरण चले हुए हैं। उनका कहना है कि चोर गेट के बजाय खिड़की से अंदर आए। इससे अलार्म सिस्टम ने काम नहीं किया। पीड़ित ने बताया कि घर से कुछ दूर पर सिक्योरिटी गार्ड भी तैनात रहते हैं लेकिन उन्हें भी भनक नहीं लगी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज साथ ले गई है। इसके साथ ही मौके से फिंगर प्रिंट लिए गए। डॉग स्क्वायड टीम व क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।