रविवार रात दो बजे हुआ हादसा, अधिकारियों में हड़कंप, कोई हताहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के मारुति यार्ड में शंटिंग कर वेगन कार (मालगाड़ी) का एक एसएलआर डिब्बा रविवार की रात्रि लगभग पौने दो बजे बेपटरी हो गया। हालांकि इस घटना में कोई व्यक्ति या रेलवे कर्मचारी चोटिल नहीं हुआ है।
गार्ड ने वेगन कार को लूप ट्रैक पर खड़ा किया हुआ था। ट्रेन आगे न बढ़े, इसके लिए वेगन कार के पहिये के नीचे पत्थर भी लगाए गए थे। प्राथमिक जांच में भी यही सामने आया है कि रेलवे कर्मचारी ने वेगन कार को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहिये के पास छोटा पत्थर रखा था। जोकि पास से गुजर रही ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन की कंपन के कारण पहिये के आगे से सरक गया। पहिये के आगे से पत्थर हटने के कारण वेगन कार आगे बढ़ गया और पटरी से उतर गया।
पटरी से उतरने के बाद वेगन कार तिरछा होकर पास खड़ी दूसरी मालगाड़ी से सट गया। रेल यार्ड में हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुुरक्षा बल (आरपीएफ) व राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। कई घंटे की मशक्कत के बाद इंजीनियरों की टीम ने सोमवार दोपहर वेगन कार को दोबारा पटरी पर खड़ा किया गया।
जानकारी के अनुसार मारुति की वैगन कार रेलवे स्टेशन के पास बने मारुति के यार्ड से ट्रेन में लोड कर रही थी। इस दौरान शंटिंग के लिए गार्ड ने वेगन कार को लूप ट्रैक पर खड़ा किया। रेलवे कर्मचारी ने वेगन कार को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहिए पर लकड़ी का टुकड़ा (स्टैंड) ना लगाकर पत्थर रखा था। रात्रि 1.48 बजे रेवाड़ी से दिल्ली की ओर जा रही ऋषिकेश एक्सप्रेस ट्रेन (19609) गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से तेज गति में गुजरी। इस ट्रेन का गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है। तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की कंपन के कारण वेगन कार के पहिये के आगे रखा पत्थर हट गया और वेगन कार आगे सरककर पटरी से उतर गया।
पटरी से उतरने के दौरान वेगन कार तिरछा होकर यार्ड में खड़ी ट्रेन से सट गया। इस घटना में किसी भी कर्मचारी के चोटिल होने की सूचना नहीं है। रेलवे कर्मचारियों की माने तो पत्थर को तोड़ते हुए वेगन कार क्रॉसिंग पर खड़ी दूसरी वेगन कार से टकराती हुई बे पटरी हुआ था।
वर्जन
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि यार्ड में घटना होने के कारण इससे ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। जांच करने के बाद ही पता चल सकेगा कि क्या लापरवाही बरती गई थी और नुकसान का भी आकलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह वेगन कार के पीछे लगी गार्ड बोगी थी, जिसमे कोई नहीं था।
वर्जन
आरपीएफ चौकी प्रभारी निरीक्षक नितिन मेहरा ने बताया कि रात्रि लगभग दो बजे उनको वेगन कार को बेपटरी होने सूचना मिली थी। वे अपनी टीम के साथ यार्ड में घटना स्थल पर पहुंचे और वहां का जायजा लिया, ताकि कोई कर्मचारी घटना के कारण चोटिल ना हुआ हो। रेलवे की तकनीकी टीम सहित अन्य टीमों ने सोमवार दोपहर तक वेगन कार को पटरी पर खड़ा कर दिया।