संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आगामी तीन फरवरी से 18 फरवरी तक फरीदाबाद में आयोजित होने वाले सूरजकुंड मेले में यात्रियों को पहुंचाने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) अपनी गुरुगमन सिटी बसों का संचालन करेगा। जीएमसीबीएल की ओर से दो रूटों पर सिटी बसों की सेवाएं दी जाएंगी। जिसमें पहले रूट पर गुरुग्राम से सूरजकुंड मेला और दूसरे रूट पर दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम टर्मिनल से सूरजकुंड मेला वाले रूट पर गुरुगमन सिटी बसों का संचालन किया जाएगा। जीएमसीबीएल प्रबंधन की ओर से बसों के आवागमन को लेकर शेड्यूल तैयार कर लिया गया है।
गुरुग्राम बस अड्डा से सूरजकुंड मेला स्थल के लिए एमजी रोड, आया नगर, बदरपुर, खानपुर से होते हुए सूरजकुंड मेला स्थल तक गुरुगमन सिटी बसों को चलाया जाएगा। मेला स्थल से गुरुग्राम आने के लिए भी यही रूट होगा। इस रूट पर चार सिटी बसों को चलाया जाएगा, जोकि पूरे दिन दो-दो फेरे गुरुग्राम से सूरजकुंड मेला स्थल तक लगाएंगी। गुरुग्राम से मेला स्थल तक जाने व आने वाले यात्रियों के लिए 40-40 रुपये किराया तय किया है। गुरुग्राम बस अड्डा से सुबह 10.10 बजे मेला स्थल के लिए रवाना होगा, जोकि 11.40 बजे पहुंचेगी। वहां से वापस मेला स्थल से दोपहर एक बजे चलेगी व 2.30 बजे गुरुग्राम बस अड्डा पर पहुंचेगी। इसके अलावा 10.30 बजे, 11.30 बजे, दोपहर 12.30 बजे, दोपहर बाद 3.30 बजे बसें चलेंगी। मेला स्थल से यात्रियों को लेकर वापस गुरुग्राम पहुंचेगीं। गुरुग्राम बस अड्डा से अंतिम बस शाम चार बजे चलेगी व 5.30 बजे मेला स्थल पर पहुंचेगी। मेला स्थल से शाम 8.30 बजे अंतिम बस चलेगी, जोकि रात्रि 10 बजे गुरुग्राम बस अड्डा पहुंचेगी।
दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम टर्मिनल से सूरजकुंड मेला स्थल तक तीन बसों का संचालन किया जाएगा, जोकि रोजाना दो-दो फेरे लगाएंगी। जीएमसीबीएल प्रबंधन ने इस रूट के सफर करने वाले यात्रियों के लिए डीटीसी बसों की तर्ज पर किराया निर्धारित किया है। जिसमें शिवाजी स्टेडियम टर्मिनल से सूूरजकुंड मेला स्थल तक जाने के लिए 15 रुपये किराया होगा। जबकि मेला स्थल से शिवाजी स्टेडियम टर्मिनल की ओर आने के लिए 20 रुपये किराया होगा। प्रबंधन का कहना है कि इस रूट पर किराया 15 रुपये ही होगा, लेकिन दिल्ली सीमा में प्रवेश करते समय एमसीडी का टोल देना होगा, ऐसे में प्रत्येक टिकट के साथ पांच रुपये अतिरिक्त यात्रियों को देने होंगे।
वर्जन
गुरुग्राम बस अड्डा और शिवाजी स्टेडियम टर्मिनल दोनों रूट पर सूरजकुंड मेला स्थल के लिए गुरुगमन सिटी बसों का शेड्यूल तैयार कर लिया गया है। मेला शुरू होने से पहले ही दोनों स्थानों पर सिटी बसों के शेड्यूल संबंधित जानकारी चस्पा की जाएगी, ताकि यात्रियों को बसों के आवागमन के समय के बारे पता चल सके। - जीसी यादव, प्रबंधक प्रशासन, जीएमसीबीएल।