- वर्तमान में उबर कंपनी के माध्यम से किया जा रहा संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की चार एसी गुरुगमन सिटी बस उबर कंपनी के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। इन बसों की ऑनलाइन बुकिंग होने के कारण निर्धारित स्टॉपेज से ही सवारियां बैठती हैं। ये बसें जीएमसीबीएल को ज्यादा आर्थिक फायदा नहीं दे पा रही। ऐसे में आगामी एक अक्तूबर से जीएमसीबीएल प्रबंधन स्वयं इन एसी बसों का संचालन करने की तैयारी में है। ताकि राजस्व को बढ़ाया जा सके और रूट पर सभी यात्रियों को सुविधा मिल सके।
एसी गुरुगमन सिटी बसें वर्तमान में बादशाहपुर बस स्टैंड से हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और बीपीटीपी एस्टायर गार्डन सेक्टर-70 से डीएलएफ साइबर पार्क, शंकर चौक से उद्योग विहार रूट पर यात्रियों को सेवाएं दे रही हैं। उबर एप पर एसी गुरुगमन सिटी बसों की ऑनलाइन बुकिंग होती हैं। बस का चालक निर्धारित स्टॉपेज पर बसों को रोकता है, ऐसे में बस में परिचालक की जरूरत नहीं होती। यात्रियों की सुविधा के लिए दिन के समय इन एसी गुरुगमन सिटी बसों का एमजी रोड मेट्रो स्टेशन से गुरुग्राम डिपो के बस अड्डा तक चलाया जा रहा है। इस दौरान चालक ही यात्रियों को टिकट देता है।
जीएमसीबीएल प्रबंधन की ओर से एसी गुरुगमन सिटी बसों का संचालन करने से रूट के सभी स्टाॅपेज पर बसों का ठहराव किया जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। जीएमसीबीएल के अंतर्गत संचालन होने से इन बसों में परिचालक भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
वर्जन
एसी गुरुगमन सिटी बसों को जीएमसीबीएल के अंतर्गत संचालन करने की तैयारी की जा रही है। एक अक्तूबर से इनका संचालन किया जाएगा। रूट पर जितने स्टॉपेज होंगे, उन सभी से यात्रियों को बसों में बैठाया जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी, साथ ही जीएमसीबीएल प्रबंधन के राजस्व में भी बढोतरी होगी।
- राजीव नागपाल, डिपो मैनेजर, सेक्टर-10, जीएमसीबीएल।