अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बुखार होने पर एक चिकित्सक के निजी अस्पताल पर गई युवती की उपचार के दौरान शनिवार शाम मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर उपचार में लापरवाही का आरोपी लगाया है। उनकी ओर से मामले में न्यू कॉलोनी थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। हालांकि अभी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
पुलिस के अनुसार नेहरू लेन के रहने वाले सौरभ के अनुसार उनकी 22 वर्षीय बहन को बुखार हुआ था। परिजन उसे इलाज के लिए मदनपुरी स्थित एक चिकित्सक के अस्पताल ले गए थे। चिकित्सक ने जांच के बाद युवती को टीका लगाया था। परिजनों के अनुसार टीका लगने के बाद ही युवती को स्वास्थ्य संबंधित दिक्कत महसूस होने लगी। इसपर वह युवती को ओल्ड रेलवे रोड स्थित दूसरे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने युवती की मौत के पीछे डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि गलत टीका लगाने की वजह से युवती की जान चली गई। जिस दूसरे अस्पताल में युवती को ले जाया गया था, उनकी ओर से पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद परिजनों ने भी पुलिस को इलाज में लापरवाही की शिकायत दी। रविवार को शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। न्यू कॉलोनी थाना प्रभारी ने कहा कि परिजनों की ओर से शिकायत हासिल हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।